शिवसेना(उबाठा) नेता की हत्या,पार्टी नेताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा
शिवसेना(उबाठा) नेता की हत्या,पार्टी नेताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा
मुंबई, 30 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने ठाणे में पार्टी के एक पदाधिकारी की हत्या को लेकर बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए इसे राज्य के गृह विभाग के लिए ‘‘शर्मनाक’’ बताया।
पार्टी नेता आदित्य ठाकरे ने भी ‘‘बार-बार’’ होने वाली ऐसी घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि ये घटनाएं साबित करती हैं कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के लिए सुरक्षित रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है । उन्होंने घटना में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ठाणे के कपूरबावड़ी थानाक्षेत्र में स्थानीय शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर की मंगलवार रात करीब नौ बजे अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने और हमला किए जाने के कुछ देर बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
राउत ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) के शहर ‘विभाग प्रमुख’ पूर्णेकर एक स्थानीय शिवसेना नेता के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष कर रहे थे।
राउत ने कहा कि पूर्णेकर ठाणे के मनोरमा नगर इलाके में बिल्डर लॉबी और मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि शिवसेना (उबाठा) के इस नेता को ‘‘इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।’’
ठाणे को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माना जाता है, जो शिवसेना के प्रमुख हैं।
राज्यसभा सदस्य ने इस हत्या को मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व वाले राज्य के गृह विभाग के लिए ‘‘शर्मनाक’’ बताया।
राउत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ठाणे अपराधियों और मादक पदार्थों के माफिया के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। यह देवेंद्र फडणवीस की विफलता है। ठाणे के नागरिकों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया है। प्रदीप पूर्णेकर का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।’’
पुलिस के अनुसार, हमले की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। उसने बताया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
शिवसेना (उबाठा) के नेताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और घटना की तेजी से जांच की मांग की है।
पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने इस घटना को ‘‘बेहद चौंकाने वाला, आक्रोश पैदा करने वाला और पूरी तरह निंदनीय’’ बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस निश्चित रूप से अपना कर्तव्य निभाने के लिए पूरी कोशिश करेगी, लेकिन अगर राजनीतिक दल खुद ऐसा माहौल बना रहे हैं, जो आपराधिक तत्वों को प्रोत्साहित करता है और उनका हौसला बढ़ाता है, तो पुलिस विभाग आखिर क्या कर सकता है?’’
भाषा तान्या राजकुमार
राजकुमार

Facebook


