ठाणे में शिवसेना (उबाठा) नेता की गोली मारकर हत्या; राउत ने मुख्यमंत्री फडणवीस पर निशाना साधा
ठाणे में शिवसेना (उबाठा) नेता की गोली मारकर हत्या; राउत ने मुख्यमंत्री फडणवीस पर निशाना साधा
ठाणे, 30 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने बुधवार को ठाणे में पार्टी के एक पदाधिकारी की हत्या को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए इसे राज्य के गृह विभाग के लिए ‘‘शर्मनाक’’ बताया।
स्थानीय शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर की मंगलवार रात करीब नौ बजे कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने और हमला किए जाने के कुछ देर बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया।
राउत ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) के शहर ‘विभाग प्रमुख’ पूर्णेकर एक स्थानीय शिवसेना नेता के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष कर रहे थे।
राउत ने कहा कि पूर्णेकर शहर के मनोरमा नगर इलाके में बिल्डर लॉबी और मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि शिवसेना (उबाठा) के इस नेता को ‘‘इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।’’
राज्यसभा सदस्य ने इस हत्या को मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व वाले राज्य के गृह विभाग के लिए ‘‘शर्मनाक’’ बताया।
राउत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ठाणे अपराधियों और मादक पदार्थों के माफिया के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। यह देवेंद्र फडणवीस की विफलता है और ठाणे के नागरिकों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया है। प्रदीप पूर्णेकर का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा!’’
पुलिस के अनुसार, हमले की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। उन्होंने बताया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
शिवसेना (उबाठा) के नेताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और घटना की तेजी से जांच की मांग की है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


