बकरीद से पहले मीरा रोड पर स्थिति सामान्य, कुर्बानी के बकरों को लेकर हुए विवाद में तीन प्राथमिकी दर्ज

Ads

बकरीद से पहले मीरा रोड पर स्थिति सामान्य, कुर्बानी के बकरों को लेकर हुए विवाद में तीन प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 01:15 AM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 01:15 AM IST

ठाणे, 27 मई (भाषा) ठाणे की एक आवासीय सोसाइटी में बकरीद से पहले कुर्बानी के बकरों को बांधने को लेकर हुए हंगामे के सिलसिले में पुलिस ने बुधवार को तीन प्राथमिकी दर्ज कीं।

इस विवाद के बाद तनावपूर्ण माहौल के बीच मंगलवार को कुछ लोगों ने परिसर के अंदर एक सुअर लाने की कोशिश की थी।

पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं के सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को मनाए जाने वाले बकरीद त्योहार से पहले अब स्थिति सामान्य हो रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड पुलिस थाने में गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने, जानवरों को परेशान करने और कुछ लोगों को चोट पहुंचाने के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि इस झड़प में तीन लोग घायल हुए हैं।

मीरा-भायंदर-वसई-विरार (एमबीवीवी) के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल चव्हाण (जोन-1) ने बताया कि मीरा रोड इलाके में 500 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है।

पुलिस ने बकरीद त्योहार से पहले ठाणे और पालघर जिलों के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है और रूट मार्च निकाला है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश