हिंदू धर्मगुरु के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी करने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गिरफ्तार

Ads

हिंदू धर्मगुरु के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी करने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 06:49 PM IST

मुंबई, 24 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को इंस्टाग्राम पर जारी अपने वीडियो पोस्ट में एक हिंदू धर्मगुरु के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मुंबई के ओशिवारा इलाके से गिरफ्तार सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की पहचान अबू जाबिर हुसैन गयासुद्दीन तालुकदार उर्फ ​​जावेद के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि जावेद पर इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य का कथित तौर पर मजाक उड़ाया, जिन्होंने ‘हिंदू राष्ट्र’ की अवधारणा पर बात की थी।

अकोला थाने के अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपने कुछ वीडियो में हिंदू धार्मिक ग्रंथों के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

उन्होंने बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता अजित यादव की इन वीडियो पर नजर पड़ी, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि जावेद को बृहस्पतिवार रात ओशिवारा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा ‘फॉलोअर’ हैं।

भाषा पारुल माधव

माधव