मुंबई, 13 जून (भाषा) स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने शनिवार को अपने एक शो के दौरान ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाली विवादास्पद टिप्पणी को लेकर दोबारा माफी मांगी है। मोरे ने कहा कि वह इस टिप्पणी पर आपत्ति जताने में विफल रहे, जिसे वह ‘निर्णय लेने में की गई चूक’ बताते हैं।
मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा गुरुग्राम में एक कॉमेडी शो के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर विवादों में घिरे हैं। इन टिप्पणियों में कथित तौर पर एक महिला के साथ जबरदस्ती और बिना सहमति के यौन संबंध बनाने को महिमामंडित किया गया था।
मोरे पर कथित तौर पर ‘अश्लील और आपत्तिजनक’ विषय-वस्तु के इस्तेमाल का पुलिस मामला चल रहा है। मोरे ने कहा कि उन्हें दर्शकों के साथ बातचीत के दौरान जांगड़ा को मंच देने का पछतावा है।
अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कॉमेडियन ने अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि उन्हें हस्तक्षेप करना चाहिए था।
मोरे ने कहा, ‘‘मुझे लोगों की बहुत नफरत का सामना करना पड़ रहा है, और मुझे लगता है कि शायद मैं इसके ही लायक हूं। जब मैं उस व्यक्ति के साथ दर्शकों से बातचीत कर रहा था, तो उसने अपमानजनक टिप्पणी की और सभी हंस रहे थे। मैं भावनाओं में बह गया और यह निर्णय लेने में चूक थी।’’
मोरे ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह मेरी सबसे बड़ी गलती थी। मैं उसे रोक सकता था, लेकिन मैंने उसे एक मंच प्रदान किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।’’
मोरे ने इस घटना से आहत हुए लोगों से माफी मांगी और कहा कि वह जारी कानूनी कार्यवाही में अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी से माफी मांगना चाहता हूं जिन्हें इस घटना से ठेस पहुंची है। मैं अधिकारियों के साथ सहयोग भी कर रहा हूं। मैं आप सभी से मुझे एक और मौका देने का अनुरोध करता हूं। मैं साबित करूंगा कि मैं एक बेहतर इंसान बन सकता हूं। यह मेरे लिए एक सबक था और मैं खुद पर और अपनी सामग्री (कंटेंट) पर काम कर रहा हूं तथा भविष्य में आप मेरे काम में बदलाव देखेंगे।’’
यह विवाद तब शुरू हुआ जब जांगड़ा ने शो के दौरान एक ‘डेट’ का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने चिकन बिरयानी की एक थाली पर 370 रुपये खर्च किए थे। उनके मुताबिक जब महिला ने उन्हें घर तक छोड़ने के लिए कहा, तो जांगड़ा ने कहा कि उन्होंने बिरयानी पर खर्च किए गए पैसों के बदले यौन संबंध बनाने की मांग की थी।
जांगड़ा की इस टिप्पणी पर मोरे हंसते हुए नजर आए।
बाद में सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करने के बाद मोरे और जांगड़ा दोनों ने इस घटना के लिए माफी मांगी। जांगड़ा ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया है।
गुरुग्राम की जिस कंपनी में जांगड़ा काम करते थे उसने भी ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाली टिप्पणी के कारण उन्हें नौकरी से निकाल दिया।
इसी शो के एक अन्य वीडियो में एमबीबीएस की छात्रा सेजल पवार को मेडिकल पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाले पुरुषों के मृत शरीर के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी करते हुए देखा गया।
बाद में पवार ने अपनी ‘अशोभनीय’ टिप्पणियों के लिए माफी मांग ली, लेकिन मुंबई के नगर निगम द्वारा संचालित केईएम अस्पताल ने विवादित टिप्पणियों की जांच के लिए दो-सदस्यीय समिति का गठन किया है।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश