पुणे, पांच फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि सभी विधायक, कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पवार परिवार चाहते हैं कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार राकांपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें।
बारामती में संवाददाताओं से बातचीत में कर्जत जामखेड़ के विधायक ने यह भी कहा कि 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद शोक की अवधि समाप्त होने पर राकांपा और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विलय पर सुनेत्रा पवार स्वयं बात करेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘13 दिन का शोक बीतने दीजिए, सुनेत्रा काकी स्वयं इस मामले पर बोलेंगी।’’ उन्होंने स्पष्ट किया कि 28 जनवरी के बाद से परिवार में विलय से संबंधित मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई है।
रोहित पवार ने कहा, ‘‘हमारे लिए इस शोक की अवधि में कोई भी राजनीतिक रुख अपनाना भावनात्मक रूप से कठिन है। हम नौ फरवरी के बाद सभी पहलुओं पर खुलकर बोल सकेंगे, क्योंकि अजित दादा की इच्छाओं को जनता तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। मेरा कद इतना बड़ा नहीं है कि मैं विलय के मुद्दे पर टिप्पणी कर सकूं।’’
विपक्षी दल के विधायक ने कहा कि विलय के संबंध में आरोपों-प्रत्यारोपों को सुनना दुखद है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह दुभार्ग्यपूर्ण है कि कोई भी चर्चा करने के लिए तैयार नहीं है कि अजित दादा क्या चाहते थे। इसके विपरीत चर्चा की दिशा भटक गई है और कुछ वरिष्ठ नेता इसे राजनीतिक रंग दे रहे हैं।’’
भाषा संतोष नरेश
नरेश