मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की तत्काल प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का समर्थन करना है, जो अजित पवार के निधन के बाद अगले पखवाड़े में राकांपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालेंगी।
पटेल ने पत्रकारों को बताया कि सुनेत्रा पवार इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं और जल्द ही औपचारिक रूप से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगी।
उन्होंने राकांपा और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) के विलय से संबंधित मुद्दों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, ‘‘आइए पहले सुनेत्रा पवार के समर्थन में एकजुट होने और पार्टी के भीतर की प्रक्रियाओं को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करें। हम आने वाले समय में राज्य में पार्टी के आधार को मजबूत करने पर भी ध्यान देंगे।’’
राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष पटेल ने कहा कि हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में राकांपा के बेहतर प्रदर्शन के बाद पार्टी का संगठनात्मक आधार मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करना स्वाभाविक है।
हाल में, राकांपा (शप) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने दिल्ली में कहा था कि अजित पवार के साथ विलय की बातचीत चल रही थी, लेकिन उनके अचानक निधन के बाद इस मामले को फिर से उठाने का कोई मतलब नहीं है।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल