ठाणे: उपरिगामी मेट्रो निर्माणस्थल से मलबा गिरा, एमएमआरडीए ने ठेकेदार पर 12.5 करोड़ का जुर्माना लगाया

Ads

ठाणे: उपरिगामी मेट्रो निर्माणस्थल से मलबा गिरा, एमएमआरडीए ने ठेकेदार पर 12.5 करोड़ का जुर्माना लगाया

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 08:37 PM IST

ठाणे, 17 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक स्कूल वैन में सवार लोग उस वक्त बाल-बाल बच गए, जब उपरिगामी मेट्रो निर्माणस्थल से मलबा गिरने के कारण उसका टायर पंक्चर हो गया। हालांकि, एमएमआरडीए ने कहा कि निर्माण स्थल पर बैरिकेड के बाहर कुछ सामग्री बिखर गई थी और कोई पत्थर सीधे किसी वाहन से नहीं टकराया।

मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने दहिसर-मीरा भयंदर लाइन के निर्माण कार्य में शामिल ठेकेदारों और सलाहकारों पर 12.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।

दहिसर-मीरा भयंदर मेट्रो लाइन (फेज 2) के नानासाहेब धर्माधिकारी मेट्रो स्टेशन स्थल के पास पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपरिगामी ढांचे से पत्थर और कंक्रीट के स्लैब का एक हिस्सा मुख्य सड़क पर गिरा। इसके टुकड़े स्कूल वैन के पिछले हिस्से पर गिरे, जिससे टायर पंचर हो गया और ड्राइवर का कुछ देर के लिए नियंत्रण बिगड़ गया, हालांकि उसने बाद में गाड़ी रोक दी।

उन्होंने दावा किया कि गाड़ी में कई बच्चे सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।

स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और उस जगह की घेराबंदी कर दी, जहां मलबा गिरा था।

एमएमआरडीए ने एक बयान में कहा कि यह घटना तब हुई जब ‘ओवरहेड क्रेन’ से ले जाया जा रहा सामान गलती से पास के पैदल पार पथ (एफओबी) क्षेत्र में रखे ग्रेनाइट पत्थरों से टकरा गया। इस टक्कर से ग्रेनाइट के कई स्लैब अपनी जगह से हट गए और नीचे गिर गये।

इससे यह स्पष्ट हो गया कि ग्रेनाइट का कोई भी पत्थर किसी वाहन पर नहीं गिरा और न ही सीधे किसी वाहन से टकराया।

हालांकि, इसमें बताया गया है कि घेरे के बाहर बिखरे मलबे के कारण वहां से गुजर रही एक गाड़ी के टायर पंचर हो गए; साथ ही यह भी कहा गया है कि उस समय गाड़ी खाली थी और किसी को चोट नहीं आई।

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश