ठाणे के इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी
ठाणे के इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी
ठाणे, 22 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 46 वर्षीय एक मेकैनिकल इंजीनियर से कथित तौर पर 3.15 करोड़ रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
कासारवडवली इलाके के रहने वाले शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और एक वेबसाइट के जरिए निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलने का लालच दिया।
साइबर पुलिस थाने के उप-निरीक्षक लाहू राठौड़ ने बताया कि लुभावने वादों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने वेबसाइट के जरिए पिछले साल 12 दिसंबर से इस साल 11 फरवरी के बीच कुल 3,15,67,954 रुपये का निवेश किया।
अधिकारी ने कहा, ‘शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआत में उसे वेबसाइट पर पांच लाख अमेरिकी डॉलर का मुनाफा दिखाया गया, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। हालांकि, जब उसने अपनी रकम निकालनी चाही, तो उसका खाता बंद कर दिया गया जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।’
पुलिस ने शुक्रवार को इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


