विवाह के दो महीने से भी कम समय में ठाणे की महिला ने की आत्महत्या
विवाह के दो महीने से भी कम समय में ठाणे की महिला ने की आत्महत्या
ठाणे, 18 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ शहर में विवाह के महज डेढ़ महीने बाद एक महिला अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली। इस सिलसिले में महिला के चिकित्सक पति और परिवार के दो अन्य सदस्यों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चिकित्सक और उसके परिवार के दो सदस्यों को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और निगरानी रखकर 26 वर्षीय नवविवाहित पत्नी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि अंबरनाथ के शिवाजी नगर पुलिस थाने में चिकित्सक और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता के परिजनो ने क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराया । इसके बाद बुधवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनकी पहचान डॉ. नितिन तिलकर, उनकी मां छाया और भाई निनाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी नीतिन का विवाह 30 अप्रैल को हुआ था और मंगलवार को वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली।
उन्होंने बताया कि ससुराल के लोगों पर आरोप है कि अतिरिक्त सोने के आभूषणों और नकदी की मांग को लेकर उसे गंभीर शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी।
शिवाजीनगर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश पाटिल ने कहा, ‘हमारी प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि पति ने पत्नी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।’
अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता से उसकी दैनिक गतिविधियों के बारे में कथित तौर पर पूछताछ की जाती थी और पड़ोसियों से बात करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
उसने अपनी मां को इस परेशानी के बारे में बताया था, लेकिन इससे पहले कि उसके माता-पिता उसे वापस ले आते, उसकी मौत हो गई।
भाषा सुमित रंजन
रंजन

Facebook


