महाराष्ट्र में ईंधन की कोई कमी नहीं, घबराकर पेट्रोल-डीजल की अतिरिक्त खरीदारी करने से बचें:छगन भुजबल

Ads

महाराष्ट्र में ईंधन की कोई कमी नहीं, घबराकर पेट्रोल-डीजल की अतिरिक्त खरीदारी करने से बचें:छगन भुजबल

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 03:49 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 03:49 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

मुंबई, 22 मई (भाषा) महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल की बिक्री में अचानक हुई बढ़ोतरी के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन की किसी प्रकार की कमी नहीं है।

उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराकर पेट्रोल-डीजल की अतिरिक्त खरीददारी से बचने की अपील की।

राज्य में डीजल की बिक्री में 42 प्रतिशत और पेट्रोल की बिक्री में 21 प्रतिशत की वृद्धि होने के बाद उन्होंने यह टिप्पणी की।

दरअसल, पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच महाराष्ट्र के कई जिलों में एक ही दिन में पेट्रोल और डीजल की बिक्री काफी बढ़ गयी है।

भुजबल ने यहां पत्रकारों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में पूरी तरह सक्षम हैं।

उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और न ही अतिरिक्त ईंधन जमा करने की आवश्यकता है।”

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार, मई के पहले पखवाड़े में पेट्रोल की बिक्री सामान्य स्तर की तुलना में 20.39 प्रतिशत और डीजल की बिक्री 19.66 प्रतिशत बढ़ी है।

विभाग का कहना है कि अकेले 19 मई को डीजल की बिक्री में 42 प्रतिशत और पेट्रोल की बिक्री में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

विभाग ने एक बयान में कहा कि मांग में अस्थायी बढ़ोतरी के बावजूद ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रही और जरूरत के मुताबिक उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

भुलबल ने जिलावार आंकड़े जारी किये एवं लोगों से जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदने एवं सरकार के साथ सहयोग करने की अपील की।

आंकड़ों के हिसाब से वाशिम में पेट्रोल बिक्री में सबसे अधिक 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि जलगांव में यह बढ़ोतरी 40 प्रतिशत रही। डीजल बिक्री में अकोला में सबसे अधिक 111 प्रतिशत और वाशिम में 109 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

इसके अलावा, जलगांव में डीजल बिक्री 72 प्रतिशत, बीड में 63 प्रतिशत और छत्रपति संभाजीनगर में 49 प्रतिशत बढ़ी। विभाग के अनुसार अकोला, बीड, बुलढाणा, हिंगोली, जलगांव, जालना, लातूर, धाराशिव और परभणी जिलों में सामान्य से अधिक ईंधन बिक्री दर्ज की गई।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष