लंदन, 22 मई (एपी) ब्रिटेन की पुलिस ने ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य और महाराज चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई पूर्व प्रिंस एंड्रयू पर लगे यौन कदाचार सहित विभिन्न आरोपों की विस्तृत जांच के इरादे से शुक्रवार को गवाहों से सामने आने की अपील की।
थेम्स वैली पुलिस ने पूर्व प्रिंस (अब एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाने जाते हैं) पर सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोपों की जांच के संबंध में एक बयान जारी कर यह अपील की। थेम्स वैली पुलिस के न्यायाधिकार क्षेत्र में लंदन का पश्चिमी हिस्सा आता है, जहां माउंटबेटन-विंडसर कई वर्षों तक रहे थे।
माउंटबेटन-विंडसर को 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनसे यौन अपराध में दोषी करार दिये गए दिवंगत जेफ्री एप्स्टीन के साथ दोस्ती से जुड़े आरोपों के बारे में हिरासत में लेकर घंटो पूछताछ की थी।
यह गिरफ्तारी ब्रिटेन के लिए एक असाधारण कदम था जहां अधिकारी अकसर शाही परिवार को शर्मिंदगी से बचाने की कोशिश करते हैं।
माउंटबेटन-विंडसर ने हालांकि, आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
पुलिस ने पहले कहा था कि वे उन रिपोर्ट का ‘‘अध्ययन’’ कर रहे हैं कि माउंटबेटन-विंडसर ने 2010 में एप्स्टीन को व्यापार संबंधी रिपोर्ट भेजी थीं, जब तत्कालीन प्रिंस ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार के विशेष दूत थे।
ब्रिटिश पुलिस की अपील ऐसे समय आई है जब जांचकर्ताओं ने आशंका जताई है कि जनता में यह धारणा बन सकती है कि एंड्रयू के खिलाफ जांच व्यापार दूत संबंधी आरोपों तक सीमित हो सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तव में सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के आरोपों का दायरा व्यापक हो सकता है।
सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा, ‘‘सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार एक ऐसा अपराध है जो अलग-अलग रूप ले सकता है, जिससे यह एक जटिल जांच बन जाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बेहद अनुभवी जांचकर्ताओं की टीम जनता और अन्य स्रोतों से प्राप्त हुई महत्वपूर्ण जानकारी का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर रही है।’’
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक पद पर कदाचार में गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा करना, वित्तीय कदाचार, कर्तव्य की जानबूझकर उपेक्षा और यौन कदाचार शामिल हो सकते हैं। इसमें भ्रष्टाचार और अनुचित हस्तक्षेप, हितों का टकराव, न्याय प्रक्रिया को बाधित करना, बेईमानी या धोखाधड़ीपूर्ण आचरण या व्यक्तिगत लाभ के लिए किया गया कदाचार भी शामिल हैं।
एपी धीरज शफीक
शफीक