सर्पदंश से तीन आदिवासी लड़कियों की मौत: फडणवीस का संबंधित विद्यालय का लाइसेंस रद्द करने का आदेश

Ads

सर्पदंश से तीन आदिवासी लड़कियों की मौत: फडणवीस का संबंधित विद्यालय का लाइसेंस रद्द करने का आदेश

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 05:04 PM IST

मुंबई, 11 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गढ़चिरौली जिले में आदिवासी बच्चों से संबद्ध एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय विद्यालय (आश्रमशाला) में सांप काटने से तीन लड़कियों की मौत हो जाने के बाद मंगलवार को इस स्कूल का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने का आदेश दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार मध्यरात्रि की इस घटना के बाद सरकार ने राज्य में आदिवासी बच्चों से जुड़े 500 आवासीय विद्यालयों (आश्रमशालाओं) का तीसरी पार्टी से ‘ऑडिट’ कराने का निर्णय लिया है।

आदिवासी विकास मंत्री अशोक उइके ने यहां मंत्रिमंडल की बैठक में इस घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

फडणवीस ने निर्देश दिया कि आश्रम स्कूल का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिया जाए और जिस अधिकारी ने हाल में स्कूल का निरीक्षण किया था एवं कमियों के बावजूद अनुकूल रिपोर्ट सौंपी थी, उसे निलंबित कर दिया जाए।

उइके ने सवाल उठाया कि कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद मारोतराव कोवासे जैसा व्यक्ति आश्रम स्कूल को इस तरह कैसे चला सकता है कि लड़कियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गयी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आश्रम स्कूल में न तो शिक्षक हैं और न ही वार्डन (छात्रावास प्रभारी) और सरकारी अनुदान मिलने के बावजूद वहां बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है।

फडणवीस ने मुख्य सचिव से एक बैठक आहूत करने और आश्रमशालाओं के लिए एक व्यापक निरीक्षण तंत्र स्थापित करने को भी कहा।

सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों ने बच्चों की मौत पर शोक प्रकट किया तथा इन सहायता-प्राप्त आश्रम विद्यालयों की खराब स्थिति पर चर्चा की एवं इस बात पर भी विचार-विमर्श किया कि स्थिति कैसी सुधारी जा सकती है।

उइके ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि रविवार रात छात्रावास में 50 लड़कियां नीचे सो रही थीं, उसी दौरान एक सांप ने उनमें से छह को डस लिया।

उन्होंने कहा कि उस वक्त वार्डन नहीं था। उन्होंने कहा कि इस घटना की सघन जांच करायी जाएगी।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश