आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 15 अगस्त को नागपुर में ‘जेन-जी’ से करेंगे संवाद

Ads

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 15 अगस्त को नागपुर में ‘जेन-जी’ से करेंगे संवाद

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 04:51 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 04:51 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

नागपुर, 11 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत 15 अगस्त को यहां लोकमत मीडिया समूह द्वारा आयोजित किये जा रहे एक कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से बातचीत करेंगे। आयोजकों ने यह घोषणा की।

यह कार्यक्रम आरएसएस सरसंघचालक के मुंबई में एक कार्यक्रम में ‘जेन-जी’ से संवाद करने के कुछ दिन बाद होने वाला है।

एक विज्ञप्ति के अनुसार, भागवत सुबह 9:30 बजे कस्तूरचंद पार्क में ध्वजारोहण करेंगे। इसी पार्क में मार्च महीने में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकमत मीडिया समूह द्वारा लगाए गए 200 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का उद्घाटन किया था।

बयान के मुताबिक, ध्वजारोहण के बाद एक विशेष कार्यक्रम होगा, जहां भागवत ‘भारत के उज्ज्वल भविष्य में युवाओं का योगदान’ विषय पर युवाओं से संवाद करेंगे।

बयान के अनुसार, लोकमत मीडिया समूह के संपादकीय बोर्ड के अध्यक्ष और राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. विजय दर्डा के विचार पर आधारित इस खास पहल का आयोजन लोकमत समूह और नागपुर नगर निगम ने संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, महापौर नीता ठाकरे, नगर आयुक्त डॉ. विपिन इतांकर और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।

मीडिया समूह ने कहा कि मुंबई में ‘जेन-जी’ के साथ भागवत की बातचीत से देश-विदेश में काफी चर्चा शुरू हो गयी।

सरसंघचालक अब नागपुर में युवाओं से बातचीत करने वाले हैं। चूंकि, नागपुर आरएसएस का मुख्यालय भी है, इसलिए इस कार्यक्रम को खास दिलचस्पी के साथ देखा जा रहा है।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप