सुधीर सीतापति ने गोदरेज कंज्यूमर के प्रबंध निदेशक, सीईओ पद से इस्तीफा दिया; आसिफ मलबारी बने प्रमुख

Ads

सुधीर सीतापति ने गोदरेज कंज्यूमर के प्रबंध निदेशक, सीईओ पद से इस्तीफा दिया; आसिफ मलबारी बने प्रमुख

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:00 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:00 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह की रोजमर्रा के सामान बेचने वाली कंपनी कंपनी गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (जीसीपीएल) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुधीर सीतापति ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

कंपनी ने तत्काल प्रभाव से अपने वैश्विक मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) और गोदरेज अफ्रीका के अध्यक्ष आसिफ मलबारी को नया प्रबंध निदेशक एवं सीईओ नियुक्त किया है।

कंपनी के निदेशक मंडल ने मलबारी को पांच वर्ष के लिए अतिरिक्त निदेशक (कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र) नियुक्त करने को भी मंजूरी दी है। यह शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है।

निदेशक मंडल ने विशाल केडिया को कंपनी का अंतरिम मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया है।

सीतापति अक्टूबर, 2021 में जीसीपीएल से जुड़े थे और लगभग पांच वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व किया। जीसीपीएल के प्रमुख ब्रांडों में गुड नाइट, हिट और सिंथोल शामिल हैं।

भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), अहमदाबाद के पूर्व छात्र सीतापति जीसीपीएल में आने से पहले 22 वर्ष से अधिक समय तक हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) में कार्यरत थे।

नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा करते हुए जीसीपीएल की कार्यकारी चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने कहा कि मलबारी को कंपनी की रणनीति और परिचालन की गहरी समझ है तथा उन्होंने विभिन्न देशों में कंपनी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भाषा योगेश रमण

रमण