मुंबई, 10 फरवरी (भाषा) मुंबई पुलिस पिछले सप्ताह तिलक नगर में हुए कार हादसे की जांच कर रही है, जिसमें एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस को कई वीडियो मिले हैं जिनमें 17 वर्षीय आरोपी चालक सड़कों पर स्टंट करते हुए दिखाई देता है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दुर्घटना के बाद सोशल मीडिया पर नाबालिग और उसके दोस्तों के महंगी कारों के साथ तस्वीरें खिंचवाने और खतरनाक कार स्टंट करते हुए कई वीडियो सामने आए।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस इन वीडियो की पड़ताल कर रही है ताकि पता चल सके कि क्या पहले भी इस तरह की लापरवाही भरी हरकतें हुई थीं। उन्होंने कहा कि स्टंट से संबंधित स्थानों के बारे में जानकारी जुटाने और यह सत्यापित करने के प्रयास जारी हैं कि क्या उन क्षेत्रों में कोई मामले दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात विद्याविहार क्षेत्र में सोमैया कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे धुरमिल पटेल और उनकी पत्नी मीनल पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। कार को कथित तौर पर एक नाबालिग तेज गति से चला रहा था। संबंधित कार कथित तौर पर वलजी राजा भूषण की थी।
इसने कहा कि दंपति की हालत गंभीर बनी हुई है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल