मुंबई, 22 जून (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा ने सोमवार को दिवंगत पार्श्व गायिकाओं आशा भोसले और सुमन कल्याणपुर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में कुछ पलों का मौन रखा।
विधानसभा सत्र के पहले दिन, अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शोक प्रस्ताव पढ़ा, जिसके बाद सदन ने एक मिनट का मौन रखकर दोनों दिवंगत गायिकाओं को श्रद्धांजलि दी।
सदन ने इसके अलावा पूर्व सदस्यों अनंतराव थोपटे, विट्ठलराव धोते, बलिराम कोटकड़ पाटिल, कृष्णराव देशमुख, पटल्या मावस्कर, वसंतराव सूर्यवंशी, सुरेश कुमार जेठलिया, ऊषा देवी जगदाले और शंकुतला शर्मा के निधन पर भी शोक व्यक्त किया।
आठ दशकों से अधिक समय तक बॉलीवुड के संगीत पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली आशा भोसले (92) का 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वहीं सुमन कल्याणपुर (89) का इस महीने की शुरुआत में उम्र संबंधी समस्याओं के चलते उनके आवास पर निधन हो गया।
विधान परिषद ने भी भोसले और कल्याणपुर तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं शिक्षाविद बी टी देशमुख के निधन पर शोक जताया।
इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उच्च सदन में नव-निर्वाचित सदस्यों नीलम गोरहे, ओमप्रकाश (बच्चू कडू), अंबादास दानवे, प्रज्ञा सातव, प्रमोद जाथर, जीशान सिद्दीकी, माधवी नाइक, सुनील करजतकर, विवेक कोल्हे और संजय भेंडे का परिचय सदन से कराया।
भाषा रंजन मनीषा
मनीषा