गो रक्षकों ने ट्रक के खलासी को गोबर खाने के लिए मजबूर किया, दो व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

गो रक्षकों ने ट्रक के खलासी को गोबर खाने के लिए मजबूर किया, दो व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 07:23 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 07:23 PM IST

पुणे(महाराष्ट्र), नौ मार्च (भाषा) पुणे जिले में स्वघोषित गो रक्षकों के एक समूह ने मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग पर भैंसों को ले जा रहे एक ट्रक को रोककर उसके मुस्लिम खलासी पर कथित तौर पर हमला किया और उसे गोबर खाने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पिछले सप्ताह हुई घटना के संबंध में शत्रुता फैलाने के आरोप में गो रक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के दौरान, वाहन के चालक पर भी हमला किया गया था।

उन्होंने बताया कि हमलावरों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर तीनों आरोपी ट्रक के खलासी को गोबर खाने के लिए मजबूर करते देखे जा सकते हैं। इस वीडियो पर तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं।

पुलिस ने बताया कि तीन गो रक्षकों – बिपाशा उर्फ ​​आकाश मणिकम, हेमंत गायकवाड़ और विराज सोले – ने 6 मार्च की सुबह मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग पर अंबेगांव के पास उक्त ट्रक को रोका।

पुलिस के अनुसार, तीनों ने ट्रक चालक और उसके खलासी पर कथित तौर पर जाली दस्तावेजों के आधार पर भैंसों को ले जाने का आरोप लगाते हुए पर हमला किया।

पुणे जिले के अंबेगांव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘चालक के यह दावा करने पर कि उसके और उसके सहायक के साथ मारपीट की गई, हमने शुरूआत में तीनों गो रक्षकों के खिलाफ गैर-संज्ञेय (एनसी) मामला दर्ज किया। बाद में, एक वीडियो सामने आया जिसमें तीनों आरोपी खलासी को गोबर खाने के लिए मजबूर करते तथा उसके और उसके धर्म के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए देखे जा सकते हैं।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘जब हमने ट्रक के खलासी से पूछा कि एनसी दर्ज होने के बाद उसने पुलिस को घटना (गोबर खाने के लिए मजबूर किए जाने की) की सूचना क्यों नहीं दी, तो उसने कहा कि वह डरा हुआ था।’’

उन्होंने बताया कि बाद में, वीडियो और खलासी के बयान के आधार पर, पुलिस ने मणिकम, सोले और गायकवाड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) और 299 (धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाना) सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने मणिकम और गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।’’

भाषा सुभाष नरेश

नरेश