कोलंबो, 23 जून (भाषा) श्रीलंका ने चुनावों के दौरान मतदान कर चुके मतदाताओं की पहचान के लिए अमिट स्याही का इस्तेमाल बंद करने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय अतिरिक्त खर्च और मतदान प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी के मद्देनजर लिया गया है।
मौजूदा समय में मतदाताओं को अपना राष्ट्रीय पहचान पत्र जमा करना होता है और किसी भी पंजीकृत मतदाता को एक से ज़्यादा बार मतदान करने से रोकने के लिए उनकी उंगली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाता है।
मंत्रिमंडल प्रस्ताव के मुताबिक मतदान केंद्रों पर दोहरी मतदाता पहचान प्रक्रिया के कारण अनावश्यक देरी और खर्च होता है।
इसमें कहा गया कि इसलिए राष्ट्रपति, संसदीय, प्रांतीय परिषद, स्थानीय परिषद और राष्ट्रीय जनमत संग्रह जैसे सभी चुनावों से जुड़े चुनावी कानूनों में संशोधन किया जाएगा, ताकि मतदान के लिए अमिट स्याही की जरूरत को खत्म किया जा सके।
श्रीलंका में अगला राष्ट्रपति चुनाव 2029 के आखिर में होना है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश