ठाणे में लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर नकली मक्खन बनाने वाले कारखाने में छापेमारी, दो गिरफ्तार

Ads

ठाणे में लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर नकली मक्खन बनाने वाले कारखाने में छापेमारी, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 7, 2024 / 06:15 PM IST,
    Updated On - March 7, 2024 / 06:15 PM IST

ठाणे, सात मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक कारखाने में छापेमारी की। यहां एक लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर नक्ली मक्खन बना कर बेचा जाता था। उन्होंने इस फर्जीवाड़े के आरोप में कारखाने के मालिक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नरेश पवार ने कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा की एक टीम ने मंगलवार को डोंबिवली इलाके के खोनी गांव में एक निर्माणाधीन इमारत के पास स्थित फैक्ट्री में छापेमारी की।

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच के दौरान यह पता चला है कि कारखान का मालिक नकली मक्खन तैयार करने के लिए वनस्पति, रिफाइंड पामोलीन तेल, नमक, खाद्य रंग और अन्य सामग्री को मिलाता था। जिसके बाद मक्खन को एक डीप फ्रीजर में रखा जाता था और फिर एक लोकप्रिय ब्रांड के नाम वाले बटर पेपर में लपेटकर बाजार में बेचा जाता था।

उन्होंने कहा कि नकली मक्खन को लोकप्रिय ब्रांड का लेबल लगाकर होटलों, सैंडविच बेचने वाले सड़क विक्रेताओं और ढाबों (सड़क के किनारे भोजनालयों) को बेचा जाता था।

अधिकारी ने कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने मशीनरी, मक्खन को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले सामान, कच्चे माल और लोकप्रिय ब्रांड के कार्टन जब्त किए हैं। इन सामानों की कुल कीमत 2,93,255 रुपये है।

अपराध शाखा ने इकाई के मालिक और अपराध में शामिल एक अन्य व्यक्ति को डोंबिवली के पास एक गांव से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कहा कि इस मामले में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 272 (बिक्री के लिए खाद्य या पेय में मिलावट), 273 (हानिकारक भोजन या पेय की बिक्री) और 34 (सामान्य इरादा) और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा

प्रीति माधव

माधव