मुंबई में सार्वजनिक शौचालय के अंदर संदिग्ध जहरीले रसायन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
मुंबई में सार्वजनिक शौचालय के अंदर संदिग्ध जहरीले रसायन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
मुंबई, 27 सितंबर (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगर में रविवार तड़के सार्वजनिक शौचालय के अंदर कथित तौर पर जहरीले रसायन की चपेट में आने के बाद दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गयी। नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना राम मंदिर ईस्ट इलाके में मृणालताई पुल के पास पारसी पंचायत गेट के निकट स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में हुई।
उन्होंने बताया कि दमकल विभाग, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निकाय के वार्ड कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रभाकर धनिवार (24) और भाविन देसाई (18) को पास के निकाय द्वारा संचालित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तड़के करीब तीन बजकर 45 मिनट पर दोनों को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार सार्वजनिक शौचालय के अंदर तेज रासायनिक गंध फैलने के बाद दोनों लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई और उनका दम घुटने लगा।
अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध रसायन के रिसाव की प्रकृति और स्रोत का तत्काल पता नहीं चल सका है तथा मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


