ठाणे, आठ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे की 37 वर्षीय एक महिला को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा कर उससे 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कपूरबावड़ी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे शहर के माजीवाड़ा इलाके की रहने वाली शिकायतकर्ता को कथित तौर पर पिछले साल 25 जून से 25 दिसंबर के बीच ठगा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान सतीश वानखेड़े, राजगुरु साहेब और कांबले (जिसका पूरा नाम नहीं बताया गया है) के रूप में हुई है। आरोप है कि उन्होंने महिला से संपर्क कर दावा किया कि वानखेड़े एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी हैं और वह उसे सरकारी नौकरी दिला सकते हैं।
अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने महिला से 10 लाख रुपये लिए और उसे आश्वासन दिया कि उसे सरकारी नौकरी मिल जाएगी।
हालांकि, बार-बार संपर्क करने के बावजूद, महिला को न तो वादे के मुताबिक नौकरी मिली और न ही उसे उसके पैसे वापस मिले। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।
कपूरबावड़ी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, “मामले की जांच की जा रही है”।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत