ठाणे, 30 अप्रैल (भाषा) ठाणे की एक महिला से विदेश से कीमती सामान वाला पार्सल आने के नाम पर कथित तौर पर 15.76 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि महिला दुबई में बच्चों की देखभाल का काम करती थी।
नौपाडा थाने के एक अधिकारी के अनुसार, महिला (61) महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास रहती है। उन्होंने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को दो व्यक्तियों ने उसके दुबई वाले मोबाइल नंबर पर उससे संपर्क कर कहा कि उसका एक महंगा फोन और सोने के गहने इटली से मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘जालसाजों ने महिला से कहा कि 22 अप्रैल से पहले उक्त पार्सल से जुड़ी सारी औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। उन्होंने उसे धमकी दी कि अगर वह ऐसा नहीं करती है तो उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और उसे दुबई वापस जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।’
उन्होंने बताया कि जालसाजों ने अलग-अलग नंबरों से महिला से कई बार संपर्क किया और व्हाट्सएप पर कई बैंक खातों की जानकारी भी साझा की।
अधिकारी ने बताया, ‘महिला ने गिरफ्तारी के डर और दबाव में आकर जालसाजों द्वारा भेजे गए विभिन्न खातों में 15,76,000 रुपये अंतरित कर दिए।’
उन्होंने बताया कि महिला ने मंगलवार को पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोषियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश