जिला परिषद चुनाव: सोलापुर के बारशी में शिवसेना, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा के दोनों गुट एकजुट हुए

Ads

जिला परिषद चुनाव: सोलापुर के बारशी में शिवसेना, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा के दोनों गुट एकजुट हुए

  •  
  • Publish Date - February 5, 2026 / 08:56 PM IST,
    Updated On - February 5, 2026 / 08:56 PM IST

सोलापुर, पांच फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के बारशी तालुका में स्थानीय चुनाव से पहले कट्टर प्रतिद्वंद्वी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) ने अविभाजित राकांपा के दोनों गुटों के साथ मिलकर एक राजनीतिक मोर्चा तैयार किया है।

12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव सात फरवरी को होंगे। एक-दूसरे पर लगातार हमले करने वाले अविभाजित शिवसेना के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने बारशी तालुका में गठबंधन करके एक नया मोर्चा बनाया है।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को अपनी पार्टी शिवसेना, शिवसेना (उबाठा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) के बीच गठबंधन करके बनाए गए मोर्च के लिए प्रचार किया।

उन्होंने बारशी तालुका के वैराग में एक रैली को संबोधित किया, जहां शिवसेना (उबाठा) विधायक दिलीप सोपाल भी मौजूद थे।

हल्के-फुल्के अंदाज में बोलते हुए शिंदे ने कहा कि कई बार विधायक रह चुके सोपाल ने गलत रास्ते का चयन कर लिया अन्यथा वो मंत्रिमंडल में होते। उनका इशारा इस बात की ओर था कि सोपाल ने वर्ष 2024 के राज्य विधानसभा चुनाव में उनके साथ गठबंधन न करके प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (उबाठा) का साथ दिया था।

सोलापुर से शिव सेना (उबाठा) के एक नेता ने अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी और तीन अन्य दलों के बीच भाजपा के खिलाफ गठबंधन सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित है।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश