pm kisan yojana/ image source: shutterstock
PM Kisan Yojana Ki Kist Kab Aegi: नई दिल्ली: PM Kisan Yojana की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के लिए अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये कब ट्रांसफर किए जाएंगे, इसको लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछली यानी 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी। इसके बाद से लगभग तीन महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, जिससे लाभार्थी किसान अगली किस्त को लेकर उत्सुक और चिंतित दोनों हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाती है। अब तक 21 किस्तों का वितरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। 22वीं किस्त को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फरवरी 2026 के अंतिम सप्ताह से लेकर मार्च 2026 के मध्य तक यह राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। खासकर होली से पहले किस्त जारी होने की संभावना अधिक बताई जा रही है, ताकि त्योहार से पहले किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 24 फरवरी को 19वीं किस्त जारी की गई थी, जबकि इस बार 24 फरवरी 2026 तक भी कोई घोषणा सामने नहीं आई है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इस बार किस्त वितरण में देरी होगी या सरकार किसी बड़े कार्यक्रम के साथ इसे जारी करेगी। आमतौर पर प्रधानमंत्री द्वारा किसी राज्य या राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान ही पीएम किसान की किस्त जारी की जाती है, इसलिए लाभार्थियों की नजरें संभावित सरकारी कार्यक्रमों पर भी टिकी हैं।
इसी बीच लाखों किसानों के लिए एक चेतावनी भी सामने आई है। जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी 22वीं किस्त अटक सकती है। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि e-KYC और आधार-बैंक लिंकिंग अनिवार्य है। यदि बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या लाभार्थी का सत्यापन लंबित है, तो भुगतान रोका जा सकता है। इसलिए किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे तुरंत e-KYC अपडेट करा लें और अपने बैंक खाते की स्थिति जांच लें, ताकि किस्त आने पर कोई समस्या न हो।