भोपाल, 16 मार्च (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि लोग नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री चुनने को लेकर उत्साहित हैं। वहीं भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा ने दावा किया कि ‘मोदी की गारंटी’ के साथ भाजपा राज्य की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने शनिवार को लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया, जिसके तहत मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में मतदान होगा। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल को सुनिश्चित करने के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने कहा, ”फिर एक बार, मोदी सरकार” के संकल्प को पूरा करने के लिए हर कोई उत्साहित है।
उन्होंने मध्य प्रदेश को शांति का द्वीप करार दिया और कहा कि राज्य में आम चुनाव के सभी चार चरण सुचारू रूप से संपन्न होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस लोकतंत्र के महापर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता ही सरकार बनाती है और देश की प्रगति के लिए समर्पित हाथों में नेतृत्व सौंपती है। यादव ने ‘एक्स’ पर कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए गए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के प्रयासों में भागीदारी का अवसर करीब आ रहा है।”
इससे पहले भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा ने कहा कि भाजपा ‘मोदी की गारंटी’ के साथ चुनाव में उतरेगी और प्रत्येक बूथ से 370 अधिक वोट प्राप्त करने और राज्य की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल कर प्रधानमंत्री के संदेश को क्रियान्वित करने का प्रयास करेगी।
शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”हम ‘मोदी की गारंटी’ के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं और लोगों के आशीर्वाद से राज्य की सभी 29 संसदीय सीटें जीतकर इतिहास रचेंगे।”
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने 28 सीटें जीतों पर जीत हासिल की थी जबकि छिंदवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले एकमात्र कांग्रेस सांसद दिग्गज नेता कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ थे।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र