चंडीगढ़, 24 मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को 87 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित ‘महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न खेलों के 1,070 पदक विजेताओं को भी सम्मानित किया।
राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को चेक के माध्यम से 32.05 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी वितरित की।
यहां आयोजित एक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि यह दिन पंजाब के लिए ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि 87 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित ‘महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया जबकि विभिन्न खेलों के 1,070 पदक विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
मान ने कहा, ‘‘पंजाब सरकार ने ना केवल ओलंपिक और एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को एक-एक करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया है बल्कि पदक जीतने वाले नौ खिलाड़ियों को नौकरियां भी दी हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी उपलब्धियों से देश और राज्य का बहुत मान बढ़ाया है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके साथ मजिबूती से खड़े रहें और यह सुनिश्चित करें कि उन्हें वह सम्मान, पहचान और सहयोग मिले जिसके वे हकदार हैं।’’
पंजाब सरकार के खेल विजन पर मान ने कहा कि पहली बार राज्य के 220 खिलाड़ियों को टूर्नामेंट की तैयारी के लिए 8.61 करोड़ रुपये दिए गए।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता