नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने जम्मू कश्मीर की कर्नाटक के खिलाफ अपने पहले रणजी ट्रॉफी फाइनल में शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और कहा कि तेज गेंदबाज आकिब नबी में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने की काबिलियत है।
नबी ने रणजी के वर्तमान सत्र में 60 विकेट लिए हैं। इनमें कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 54 रन देकर पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। उनके इस शानदार प्रदर्शन से जम्मू कश्मीर में हुबली में खेले जा रहे फाइनल में 584 रन बनाने के बाद कर्नाटक को 293 रन पर आउट कर दिया।
गांगुली ने एक्स पर लिखा, ‘‘जम्मू कश्मीर ने दुनिया को दिखा दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से क्या हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अपने राज्य को गौरवान्वित किया है। मुश्किल वातावरण लोगों को मजबूत बनाता है।’’
उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई), सीनियर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया को टैग करते हुए कहा, ‘‘आकिब नबी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की राह पर हैं। गर्मियों में इंग्लैंड से शुरुआत करना सही रहेगा।’’
भाषा पंत
पंत