नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) भारत की अनाहत सिंह ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए वाशिंगटन में चल रहे स्क्वाश ऑन फायर ओपन में अमेरिका की सबरीना सोभी को 3-1 से हराकर पहली बार किसी पीएसए कांस्य स्तर की प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया।
विश्व रैंकिंग में 31वें स्थान पर काबिज और इस टूर्नामेंट में सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अनाहत ने सेमीफाइनल में विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर काबिज अमेरिकी खिलाड़ी सबरीना को 11-9 11-3 9-11 11-5 से हराया।
फाइनल में अनाहत का सामना इंग्लैंड की शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज जॉर्जीना कैनेडी से होगा।
अनाहत ने क्वार्टरफाइनल में मिस्र की दूसरी वरीयता प्राप्त सना इब्राहिम को हराया था।
भाषा
पंत
पंत