मेलबर्न, 17 जनवरी ( एपी ) आंद्रे रूबलेव ने आस्ट्रेलियाई ओपन के पहले दौर में वाइल्ड कार्डधारी डोमिनिक थीम को 6 . 3, 6 . 4, 6 . 2 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया ।
आस्ट्रेलियाई ओपन 2020 में उपविजेता रहे थीम 2021 में चोट के कारण ज्यादा नहीं खेल सके लेकिन पिछले साल शीर्ष सौ के भीतर पहुंच गए । उन्हें टूर्नामेंट के आयोजकों ने वाइल्ड कार्ड दिया है ।
अब रूबलेव का सामना आस्ट्रेलियाई क्वालीफायर मैक्स परसेल या फिनलैंड के एमिल रूसुवुओरी से होगा ।
पांचवीं रैकिंग वाली एरिना सबालेंका ने टेरेजा मार्तिनकोवा को 6 . 1, 6 . 4 से हराया । सबालेंका ने जनवरी के पहले सप्ताह में एडीलेड इंटरनेशनल खिताब जीता था ।
तीन साल पहले यहां उपविजेता रही गारबाइन मुगुरूजा इस साल लगातार पांचवां मैच हार गई जिसे एलिस मर्टेंस के हाथों 3 . 6, 6 . 7, 6 . 1 से पराजय का सामना करना पड़ा । वहीं मां बनने के बाद टेलर टाउनसेंड ने अपना पहला मैच जीता और फ्रांस की वाइल्ड कार्डधारी डायने पैरी को 6 . 1, 6 . 1 से हराया । अब उनका सामना एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा से होगा ।
पूर्व अमेरिकी ओपन उपविजेता लैला फर्नांडिज ने एलिजे कोर्नेत को 7 . 5, 6 . 2 से मात दी । वहीं क्वालीफायर अन्ना कैरोलिना एस ने 21वीं वरीयता प्राप्त मार्तिना ट्रेविसान को 6 . 3, 6 . 2 से हराया ।
एपी मोना
मोना