वेटजलर (जर्मनी), 11 जुलाई (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके फर्राटा धावक अनिमेष कुजूर ने विदेशी धरती पर किसी भारतीय का 100 मीटर दौड़ में अब तक का सबसे तेज समय निकालकर ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर प्रतियोगिता फास्ट आर्म्स फास्ट लेग्स मीट’ में दूसरा स्थान हासिल किया।
इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने फाइनल में 10.14 सेकंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ फिनिश लाइन पार की। उन्होंने इससे पहले क्वालीफाइंग में 10.19 सेकंड का समय निकाला था।
फाइनल में निकाला गया उनका समय किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज समय है। गुरिंदरवीर सिंह ने मई में रांची में फेडरेशन कप में 10.09 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
अनिमेष मुख्य रूप से 200 मीटर दौड़ में भाग लेते हैं और वह इस स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक भी हैं। वह ग्लास्गो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार भाग लेंगे।
भाषा
पंत नमिता
नमिता