नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) विश्व चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता अनीश भानवाला ने एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में पुरूषों की 25 मीटर रैपिड फायर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जबकि आठवें दिन कजाखस्तान का दबदबा रहा ।
अनीश का एशियाई चैम्पियनशिप में यह तीसरा पदक है ।
एड्रियन कर्माकर ने 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर पुरूष वर्ग में और जूनियर पुरूष 25 मीटर आरएफपी में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता । भारत के अब 41 स्वर्ण, 19 रजत और 15 कांस्य पदक हो गए हैं जबकि स्पर्धा के दो दिन बाकी हैं ।
अनीश और आदर्श सिंह क्वालीफाइंग दौर में सातवें और आठवें स्थान पर रहे थे । कजाखस्तान के पूर्व चैम्पियन निकिता चिरयुकिन क्वालीफायर में शीर्ष रहे ।
फाइनल में आदर्श चौथी सीरिज के बाद बाहर हो गए जबकि अनीश , निकिता और जापान के दाइ योशिओका संयुक्त बढत पर थे ।
अनीश ने स्वर्ण , निकिता ने रजत और योशिआको ने कांस्य पदक जीता ।
इससे पहले गैर ओलंपिक 50 मीटर राइफल प्रोन में कजाखस्तान के इस्लाम सत्पायेव ने स्वर्ण पदक जीता जबकि उनकी टीम ने भी पीला तमगा हासिल किया । भारत को व्यक्तिगत वर्ग में बाबू सिंह पंवार ने कांस्य पदक दिलाया । वहीं बाबू, समरवीर सिंह और सरताज सिंह की टीम ने रजत पदक जीता ।
जूनियर पुरूष राइफल प्रोन में कर्माकर ने स्वर्ण, कजाखस्तान के ओलेग नोसकोव ने रजत और तामेरलान काबुलोव ने कांस्य पदक जीता ।
कजाखस्तान ने टीम वर्ग में स्वर्ण और भारत ने रजत जीता ।
जूनियर पुरूष 25 मीटर आरएफपी में इंडोनेशिया के मुहम्मद फवाज फारेल को स्वर्ण , भारत के सूरज शर्मा को रजत और मुकेश नेलावल्ली को कांस्य पदक मिला । भारत की टीम ने स्वर्ण पदक जीता जबकि कजाखस्तान को रजत मिला ।
भाषा मोना नमिता
नमिता