डेरिल मिचेल को गेंद मारने के लिए अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना
डेरिल मिचेल को गेंद मारने के लिए अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना
दुबई, 10 मार्च (भाषा) भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर अहमदाबाद में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल के दौरान न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल पर ‘आक्रामक और अनुचित तरीके से’ गेंद फेंकने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
इसके अलावा अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है जो 24 महीने के समय में उनका पहला अपराध है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि अर्शदीप को आईसीसी की खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टॉफ से संबंधित आचार संहिता के नियम 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया गया जो ‘अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास अनुचित और/या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट से जुड़ी कोई अन्य चीज) फेंकने’ से जुड़ा है।
यह घटना रविवार को न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई जब अर्शदीप ने गेंद फेंकने के बाद शॉट खेलने पर गेंद को रोका और फिर आक्रामक तरीके से बल्लेबाज की ओर फेंका जो न्यूजीलैंड के उप कप्तान के पैड पर लगी।
न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत तीन टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बना। टीम इंडिया अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने और अपने घरेलू मैदान पर टूर्नामेंट जीतने वाली पहली टीम भी बन गई।
अर्शदीप ने आईसीसी के मैच रैफरी के एलीट पैनल के एंडी पायक्रॉफ्ट के प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया जिससे औपचारिक सुनाई की जरूरत नहीं पड़ी।
यह आरोप मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ, तीसरे अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और चौथे अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने लगाए थे।
लेवल एक के उल्लंघन में कम से कम आधिकारिक फटकार और अधिक से अधिक खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाते हैं।
भाषा सुधीर पंत
पंत

Facebook


