अव्यवस्थित तैयारियों के बीच नागोया में एशियाई खेलों का आगाज

Ads

अव्यवस्थित तैयारियों के बीच नागोया में एशियाई खेलों का आगाज

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 03:12 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 03:12 PM IST

नागोया, 19 सितंबर (भाषा) 20वें एशियाई खेलों का शनिवार को यहां मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ आधिकारिक आगाज हुआ जिससे अव्यवस्थित तैयारियों के बाद इस बड़ी खेल प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई।

दो घंटे तक चले उद्घाटन समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो, महारानी मासाको, एशियाई खेलों के अध्यक्ष युवराज अकिशिनो और राजकुमारी किको के साथ एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी उपस्थित थे।

पेरिस ओलंपिक 2024 की दो पदक विजेता भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत खिलाड़ियों की परेड में 501 सदस्यीय भारतीय दल की अगुवाई करेंगे। गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को समय पर समारोह की किट नहीं मिलने के कारण सहरावत को ध्वजवाहक बनाया गया है।

कुछ स्पर्धाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इनमें महिला क्रिकेट भी शामिल है जिसमें हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को मेजबान जापान को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भारत टेगबॉल में भी पदक की दौड़ में है जो एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किया गया है। क्विम्सी डिसूजा शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल में हार गईं और अब वह कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी।

भारत ने 2023 में हांग्झोउ एशियाई खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। भारतीय दल ने 28 स्वर्ण सहित कुल 106 पदक जीते थे और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा था।

भाषा नमिता पंत

पंत