ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 113 रन से हराकर विजय अभियान जारी रखा

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 113 रन से हराकर विजय अभियान जारी रखा

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 113 रन से हराकर विजय अभियान जारी रखा
Modified Date: June 24, 2026 / 09:44 am IST
Published Date: June 24, 2026 9:44 am IST

लीड्स, 24 जून (भाषा) ऑस्ट्रेलिया ने एलिस पेरी के ऑलराउंड प्रदर्शन की मदद से पाकिस्तान को 113 रन से करारी शिकस्त देकर महिला टी20 विश्व कप में अपना विजय अभियान जारी रखा।

ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक अपने चारों में जीते हैं लेकिन उसकी सेमीफाइनल में जगह पक्की नहीं हुई है। ग्रुप के प्रतिद्वंद्वी दक्षिण अफ्रीका और भारत भी चार-चार जीत हासिल कर सकते हैं और ऐसे में अंतिम चार में पहुंचने वाली टीम का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा।

ऑस्ट्रेलिया का आखिरी मैच रविवार को लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ होगा। ऑस्ट्रेलिया अभी तक हमेशा इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचा है।

पेरी ने 48 गेंद पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 71 रन बनाए। पेरी और जॉर्जिया वोल (39) ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। एनाबेल सदरलैंड (27) और निकोला कैरी (26) ने भी उपयोगी योगदान दिया। इससे ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 199 रन बनाए।

इसके जवाब में पाकिस्तान 13.4 ओवर में 86 रन पर आउट हो गया। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पेरी, सोफी मोलिनी और सदरलैंड ने दो-दो विकेट लिए।

एक अन्य मैच में कप्तान चमारी अटापट्टू के नाबाद 106 रन की मदद से श्रीलंका ने 27 गेंद शेष रहते हुए आयरलैंड को नौ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।

आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 130 रन बनाए। उसकी तरफ से कप्तान गैबी लुईस ने 50 गेंदों में 59 रन बनाए। श्रीलंका ने 15.3 ओवर में एक विकेट पर 134 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। अटापट्टू ने अपनी 61 गेंद की पारी में 17 चौके और दो छक्के लगाए।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में