अक्षर पटेल आईसीसी वनडे ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल

Ads

अक्षर पटेल आईसीसी वनडे ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 04:41 PM IST

दुबई, 15 जुलाई (भाषा) भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में शानदार प्रदर्शन से आईसीसी वनडे हरफनमौलाओं की रैंकिंग में शीर्ष 10 में शामिल हो गए हैं।

अक्षर में इस मैच में चार विकेट लेने के अलावा नाबाद 57 रन भी बनाए जिससे वह आईसीसी रैंकिंग की नवीनतम सूची में तीन पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता था।

अक्षर की बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वह बल्लेबाजी रैंकिंग में 18 पायदान ऊपर 73वें जबकि गेंदबाजी रैंकिंग में दो पायदान ऊपर 42वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ‘रिटायर्ड हर्ट’ होने से पहले 80 रन की शानदार पारी खेली। इससे उनकी रेटिंग में 12 अंकों की बढ़ोतरी हुई है और अब वह वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज डैरिल मिचेल से केवल 11 अंक पीछे हैं।

जसप्रीत बुमराह ने वापसी पर एक विकेट लिया जिससे वह गेंदबाजी रैंकिंग में 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इससे वह बल्लेबाजी रैंकिंग में 24 पायदान (177वां स्थान) और ऑलराउंडर रैंकिंग में 16 पायदान (55वां स्थान) आगे बढ़ने में सफल रहे।

इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट 76 रन बनाकर बल्लेबाजी रैंकिंग में संयुक्त 12वें स्थान पर पहुंच गए। इसी तरह लियाम डॉसन की 68 रन की पारी ने उन्हें बल्लेबाजी रैंकिंग में 81 पायदान ऊपर 262वें स्थान पर पहुंचा दिया है।

भाषा

पंत मोना

मोना