आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण आईपीएल से बाहर

Ads

आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण आईपीएल से बाहर

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 04:21 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं, जो पांच बार की चैंपियन टीम के लिए करारा झटका है।

म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीएसके के पिछले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और उन्हें छह से 12 सप्ताह तक ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजरना पड़ेगा।

सीएसके ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बायीं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आने के कारण आईपीएल 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं।’’

फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘‘आयुष को चोट से उबरने के लिए छह से 12 सप्ताह तक रिहैबिलिटेशन पर रहना होगा।’’

यह 18 वर्षीय बल्लेबाज सनराइजर्स के खिलाफ इंपैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरा था। हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण वह काफी असहज महसूस कर रहे थे। सनराइजर्स ने यह मैच 10 रन से जीता था।

म्हात्रे को मैदान पर ही उपचार दिया गया। दर्द के बावजूद उन्होंने खेलना जारी रखा था लेकिन इसके तुरंत बाद वह आउट हो गए थे।

सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ‘‘दुर्भाग्य से उसकी स्थिति काफी खराब दिख रही है। उसका बाहर होना हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा क्योंकि वह बहुत अच्छी फॉर्म में है।’’

म्हात्रे ने इस सत्र में छह मैचों में 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए। सीएसके की टीम को अभी तक छह मैचों में से चार में हार का सामना करना पड़ा है और वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर