बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हो सकती है बाबर की वापसी
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हो सकती है बाबर की वापसी
कराची, 12 मई (भाषा) पाकिस्तान के शीर्ष बल्लेबाज बाबर आजम घुटने की चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे लेकिन 18 मई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के एकादश में उनके शामिल होने की उम्मीद है।
बाबर की गैरमौजूदगी में पाकिस्तान दो मैचों की श्रृंखला के शुरुआती टेस्ट में मंगलवार को 104 रनों से हार गया। जीत के लिए 267 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 163 रन पर सिमट गई थी।
बाबर मौजूदा समय में पाकिस्तान के सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती टेस्ट से एक दिन पहले घुटने में दर्द की शिकायत के बाद वह मैच से बाहर हो गए थे।
इस पूर्व कप्तान ने अब ढाका में टीम के फिजियोथेरेपिस्ट और ट्रेनर की देखरेख में नेट पर बल्लेबाजी शुरू कर दी है, लेकिन पाकिस्तानी टीम प्रबंधन ने अभी तक दूसरे टेस्ट के लिए उनकी उपलब्धता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
टीम के करीबी एक सूत्र ने बताया कि नेट सत्र के दौरान बल्लेबाजी के बाद बाबर को घुटने में कोई दर्द या तकलीफ नहीं हुई और दूसरे टेस्ट में अभी पांच दिन बाकी हैं। ऐसे में उनके एकादश में शामिल होने की उम्मीद है।
पाकिस्तान सुपर लीग में बिना किसी परेशानी के खेलने वाले बाबर के पहले टेस्ट से अचानक हटने से क्रिकेट जगत में कई लोग हैरान थे।
पाकिस्तान टीम प्रबंधन को पहले टेस्ट के लिए बाबर पर काफी भरोसा था। बाबर ने पीएसएल में दो शतक के साथ सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उनकी कप्तानी में पेशावर जालमी ने पीएसएल का खिताब जीता है।
बाबर ने पाकिस्तान के लिए कुल 346 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 32 शतक लगाए हैं।
भाषा आनन्द मोना
मोना

Facebook


