सेरेना और वीनस विलियम्स को युगल में वापसी पर मिली हार
सेरेना और वीनस विलियम्स को युगल में वापसी पर मिली हार
मेसन (अमेरिका), 18 अगस्त (एपी) सेरेना और वीनस विलियम्स ने 2022 में अमेरिकी ओपन के बाद अपना पहला युगल मैच एक साथ खेला लेकिन उन्हें सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
विलियम्स बहनों ने वापसी पर अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन आखिर में वे मार्टा कोस्त्युक और पेटन स्टर्न्स से 2-6, 6-1 (10-8) से एक रोमांचक मुकाबले में हार गईं।
दोनों बहनें मैच के टाईब्रेकर में 6-0 से पिछड़ने के बाद लगभग वापसी करने ही वाली थीं, लेकिन वीनस विलियम्स के एक डबल-फॉल्ट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
सेरेना ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे बहुत मज़ा आया। यह बहुत खास था। मैच के बीच में थोड़ी सुस्ती आई और फिर धीरे-धीरे लय आने लगी। मैं यहां टूर्नामेंट जीतने के लिए नहीं आई थी। जीतना ज़ाहिर तौर पर बहुत अच्छा होता है, लेकिन इस स्थिति में बस मज़ा आ रहा था। दोबारा ऐसा कर पाना वाकई बहुत बढ़िया था।’’
सेरेना 2022 से टूर से बाहर थीं और उन्होंने 44 साल की उम्र में गर्मियों के इस सत्र में वापसी की थी। दोनों बहनों ने विंबलडन में एक साथ खेलने की योजना बनाई थी, लेकिन एकल मैच हारने के दौरान सेरेना के घुटने में चोट लगने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से हटना पड़ा। सिनसिनाटी में उन्हें वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिला था।
46 वर्षीय वीनस ने कहा, ‘‘इतने लंबे समय बाद हम पहली बार एक साथ खेल रहे हैं। यह वास्तव में बहुत अच्छा अनुभव रहा।’’
वीनस और सेरेना ने 14 ग्रैंड स्लैम युगल खिताब और कुल मिलाकर 22 खिताब जीते हैं। सेरेना ने 23 एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। वीनस ने सात खिताब जीते हैं।
इस बीच मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मारिया सकारी को 4-6, 6-1, 6-1 से हराया।
दूसरी वरीयता प्राप्त एलेना रायबाकिना ने मैग्डेलेना फ्रेच को 6-4, 7-6 से जबकि जेसिका पेगुला ने अपनी हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी एम्मा नवारो को 7-5, 6-2 से हराया।
पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने टेरेंस एटमैन को 7-6 (4), 7-6 (6) से हराकर इस सत्र में एटीपी टूर पर अपना 46वां मैच जीता।
एपी
पंत
पंत

Facebook


