शोरना के तीन विकेट से बांग्लादेश ने श्रीलंका को 202 रन पर समेटा

शोरना के तीन विकेट से बांग्लादेश ने श्रीलंका को 202 रन पर समेटा

शोरना के तीन विकेट से बांग्लादेश ने श्रीलंका को 202 रन पर समेटा
Modified Date: October 20, 2025 / 06:56 pm IST
Published Date: October 20, 2025 6:56 pm IST

नवी मुंबई, 20 अक्टूबर (भाषा) शोरना अख्तर ने 27 रन देकर तीन विकेट लिये जिसकी मदद से बांग्लादेश ने महिला विश्व कप के मैच में सोमवार को श्रीलंका को 202 रन पर आउट कर दिया ।

श्रीलंका के लिये हसिनी परेरा ने 99 गेंद में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाये । उन्होंने चामरी अटापट्टू (46) और निलाक्षिका डिसिल्वा (37) के साथ दो अहम साझेदारियां की लेकिन बाकी बल्लेबाज नहीं चल सके ।

शोरना ने दस ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाये ।

अपना सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर बनाने वाली परेरा को पारी में दो जीवनदान मिले जब वह 55 और 63 के स्कोर पर थी ।

वह गैर जिम्मेदाराना शॉट पर आउट होकर शतक बनाने से चूक गई । एक समय श्रीलंका बड़े स्कोर की ओर बढ रहा था लेकिन शोरना ने सिल्वा को आउट करके परेरा के साथ उनकी पांचवें विकेट की 74 रन की साझेदारी तोड़ी ।

सिल्वा शॉर्ट थर्डमैन पर कैच देकर लौटी । इसके बाद अनुष्का संजीवनी आसान रिटर्न कैच दे बैठी ।

श्रीलंका का स्कोर 32वें ओवर में चार विकेट पर 174 रन था और वह बड़े स्कोर की ओर बढता दिख रहा था लेकिन 48 . 4 ओवर में पूरी टीम 202 रन पर आउट हो गई ।

इससे पहले अटापट्टू ने दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 46 रन बनाये । उन्होंने पांचवें ओवर में मारूफा अख्तर को कवर के ऊपर से छक्का जड़ा ।

अटापट्टू ने दूसरे विकेट के लिये परेरा के साथ 72 रन की साझेदारी की । इससे पहले मारूफा ने पारी की पहली गेंद पर विश्मी गुणरत्ने (0) का विकेट ले लिया था ।

अटापट्टू इस बीच वनडे क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली श्रीलंका की पहली महिला क्रिकेटर बन गई ।

भाषा मोना

मोना


लेखक के बारे में