बार्सिलोना, तीन मई (एपी) रॉबर्ट लेवांडोव्स्की और फेरान टोरेस के गोल की मदद से बार्सिलोना ने ओसासुना को 2-1 से हराकर स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट ला लिगा में फिर से चैंपियन बनने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।
बार्सिलोना ने इस तरह से दूसरे नंबर पर काबिज रियाल मैड्रिड पर 14 अंकों की बढ़त बना ली है। इस सप्ताहांत के बाद प्रतियोगिता में केवल चार दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं। बार्सिलोना को लगातार दूसरी बार ला लिगा का खिताब जीतने से रोकने के लिए रियाल मैड्रिड को अपने अगले मैच में एस्पेनयोल के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी।
मैड्रिड की जीत से खिताब की जंग एक और सप्ताह तक खिंच जाएगी, जब बार्सिलोना अपने चिर प्रतिद्वंद्वी रियाल मैड्रिड की मेजबानी करेगा।
मैच में तीनों गोल दूसरे हाफ में हुए। लेवांडोव्स्की ने 81वें मिनट में हेडर से गोल करके बार्सिलोना को बढ़त दिलाई जबकि टॉरेस ने पांच मिनट बाद दूसरा गोल दागा। राउल गार्सिया ने 89वें मिनट में ओसासुना के लिए गोल किया।
इस बीच एटलेटिको मैड्रिड ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों को विश्राम देने के बावजूद वालेंसिया पर 2-0 से जीत हासिल की। उसने आर्सेनल के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल के दूसरे चरण के मैच को ध्यान में रखते हुए जूलियन अल्वारेज़, अलेक्जेंडर सोरलॉथ और जूलियानो सिमोन को विश्राम दिया।
विलारियल ने लेवांटे को 5-1 से हराकर चैंपियंस लीग के लिए क्वालीफाई कर लिया है। विलारियल ने लगातार दूसरे सत्र में शीर्ष चार स्थानों में जगह पक्की कर ली है और वह यूरोप के प्रतिष्ठित क्लब टूर्नामेंट में खेलेगा।
एपी
पंत
पंत