रियाल मैड्रिड को हराकर बायर्न म्यूनिख चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में

Ads

रियाल मैड्रिड को हराकर बायर्न म्यूनिख चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 09:54 AM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 09:54 AM IST

म्यूनिख, 16 अप्रैल (एपी) बायर्न म्यूनिख ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी रियाल मैड्रिड को हराकर चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

लुइस डियाज़ और माइकल ओलिस के आखिरी क्षणों में किए गए गोल की मदद से बायर्न म्यूनिख ने क्वार्टर फाइनल के दूसरे चरण में रियाल मैड्रिड पर 4-3 से जीत दर्ज की।

बायर्न म्यूनिख ने पहला चरण 2-1 से जीता था। इस तरह से उसने कुल 6-4 के स्कोर से जीत हासिल करके सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

डियाज ने 89वें मिनट और ओलिस ने स्टॉपेज टाइम के चौथे मिनट में गोल करके बायर्न म्यूनिख की जीत सुनिश्चित की। उसकी तरफ से अलेक्जेंडदर पावलोविच (छठे) और हैरी केन (38वें) ने पहले हाफ में गोल किए थे।

रियाल मैड्रिड की तरफ से अर्डा गुलेर ने दो (पहले और 29वें मिनट) तथा किलियन एमबाप्पे (42वें) ने गोल किए। रियाल मैड्रिड के खिलाड़ी 86वें मिनट में एडुवार्डो कैमाविंगा को लाल कार्ड देने के रेफरी के फैसले से संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने मैच खत्म होने के बाद उन्हें घेर लिया। जिसके कारण गुलेर को लाल कार्ड दिखाया गया।

बायर्न म्यूनिख सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन से भिड़ेगा। दूसरा सेमीफाइनल आर्सेनल और एटलेटिको मैड्रिड के बीच खेला जाएगा। आर्सेनल ने बुधवार को एक अन्य क्वार्टर फाइनल में स्पोर्टिंग लिस्बन को 1-0 से हराया।

इन दोनों टीम के बीच क्वार्टर फाइनल के दूसरे चरण का मैच गोलरहित रहा और इस तरह से आर्सेनल ने पहले चरण में 1-0 की जीत के दम पर चौथी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई।

एपी

पंत

पंत