मुक्केबाज सचिन सिवाच, अंकुश और साक्षी क्वार्टर फाइनल में

Ads

मुक्केबाज सचिन सिवाच, अंकुश और साक्षी क्वार्टर फाइनल में

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 11:18 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 11:18 PM IST

ग्लास्गो, 27 जुलाई (भाषा) पूर्व विश्व युवा चैंपियन सचिन सिवाच , उभरते हुए युवा मुक्केबाज अंकुश और साक्षी चौधरी ने सोमवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

छब्बीस साल के सचिन ने प्री क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के विलियम हेविट को 4-1 से हराया। भारतीय खिलाड़ी ने इंग्लैंड के मुक्केबाज के खिलाफ धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। पांच जज में से चार ने भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में फैसला दिया।

जज एक, दो, तीन और पांच ने सचिन को 29-27 से विजेता घोषित किया जबकि जज चार ने हेविट को 29-27 का स्कोर दिया।

सचिन ने तीनों राउंड में लगातार स्कोरिंग करते हुए मुकाबले में दबदबा बनाया।

उन्होंने चार जज के स्कोर पर शुरुआती दो राउंड जीते और फिर एक जज के हेविट के पक्ष में स्कोर करने के बावजूद जीत हासिल की। भारतीय खिलाड़ी ने आखिरी राउंड में एक अंक कटने के बावजूद जीत पक्की कर ली।

इस जीत से सचिन राष्ट्रमंडल खेलों में पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं। अब उनका अगला मुकाबला क्वार्टर फाइनल में बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी से होगा। मोरेमी ने अंतिम 16 के मुकाबले में लेसोथो के टोका लिटाबे को खंडित फैसले में 3-2 से हराया।

अंकुश ने प्री क्वार्टर फाइनल में एकतरफा मुकाबले में एंटीगा एवं बारबुडा के यान जेलान को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया।

हरियाणा के इस 20 वर्षीय मुक्केबाज को भी पदक पक्का करने के लिए सिर्फ एक और जीत की दरकार है।

वहीं पूर्व विश्व युवा और जूनियर चैम्पियन साक्षी ने 51 किलोवर्ग में बोत्सवाना की लेथाबो मोडुकानेले को 5 . 0 से हराया । अब वह उत्तरी आयरलैंड की कैटलिन फ्रायेर्स से खेलेंगी ।

भाषा सुधीर मोना

मोना आनन्द

आनन्द