प्रधानमंत्री के समर्थन से योगासन को ओलंपिक खेल बनाने की मुहिम में तेजी आई

Ads

प्रधानमंत्री के समर्थन से योगासन को ओलंपिक खेल बनाने की मुहिम में तेजी आई

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 02:18 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 02:18 PM IST

(संस्कृति गौबा)

अहमदाबाद, आठ जून (भाषा) विश्व योगासन और योगासन भारत के महासचिव जयदीप आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन के कारण योगासन को ओलंपिक खेल बनाने की महत्वाकांक्षा को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि योगासन का एक खेल के रूप में अच्छा भविष्य है और इसे ओलंपिक में शामिल करना वास्तविक लक्ष्य है।

आर्य ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘हमें अब प्रधानमंत्री का समर्थन मिल गया है। अब यह खेल बहुत तेजी से आगे बढ़ेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप किसी भी देश के प्रतिनिधि से बात करें, वे कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस खेल के बारे में बात की है और इससे उन्हें इसमें भाग लेने का प्रोत्साहन मिला।’’

आर्य ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के बयान के बाद योगासन से जुड़े लोगों को आत्मविश्वास मिला है और अब यह विश्वास बन गया है कि यह ओलंपिक खेल बन सकता है। इसके लिए हमें अच्छी तैयारी करनी होगी।’’

आर्य ने कहा कि योगासन को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में बढ़ावा देने में सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि योग को केवल आध्यात्मिक या स्वास्थ्य लाभ के रूप में देखा जाता था लेकिन अब यह धारणा बदल रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि लोग योग को केवल आध्यात्मिक मार्ग और स्वास्थ्य लाभ रूप में ही जानते थे।’’

योगासन को खेल का रूप देने के लिए इससे जुड़े लोगों ने वर्षों तक इस पर काम किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि इसमें बच्चे भाग ले सकें और शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।

आर्य ने कहा, ‘‘हमें स्वामी रामदेव (विश्व योगासन के अध्यक्ष) ने कहा कि योगासन को खेल का रूप देने की जरूरत है जिससे कि आठ दस वर्ष के बच्चे भी इससे जुड़ सकें। आज दुनिया भर में बच्चे इससे जुड़ रहे हैं। हमें इसे हासिल करने के लिए लगातार कई वर्ष तक काम करना पड़ा।’’

भाषा

पंत मोना

मोना