कनाडा को एक्सपोजर की जरूरत है, हमदर्दी की नहीं : कप्तान दिलप्रीत बाजवा

Ads

कनाडा को एक्सपोजर की जरूरत है, हमदर्दी की नहीं : कप्तान दिलप्रीत बाजवा

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 02:09 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 02:09 PM IST

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा ) कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का मानना है कि उनके जैसे एसोसिएट देश को क्रिकेट जगत से हमदर्दी की नहीं बल्कि फ्रेंचाइजी लीग और द्विपक्षीय क्रिकेट के जरिये एक्सपोजर की जरूरत है ।

बाजवा ने कनाडा में फ्रेंचाइजी क्रिकेट के प्रचार को खिलाड़ियों के लिये मनोबल बढाने वाला बताया क्योंकि उसके बिना उन्हें लगातार मैच अभ्यास नहीं मिल रहा था ।

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं युवराज सिंह को धन्यवाद देना चाहता हूं जो कनाडा सुपर 60 लेकर आये । हमें इसी की कमी खल रही थी । ग्लोबल टी20 कनाडा पिछले साल नहीं हुआ था लेकिन युवराज और अभिषेक शाह को धन्यवाद जो उत्तरी अमेरिका में फ्रेंचाइजी क्रिकेट लेकर आये ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘इससे काफी मदद हुई क्योंकि हमें लगातार क्रिकेट खेलने को नहीं मिलता था । पहली बार हमने इंडोर फ्रेंचाइजी क्रिकेट देखा । अब बर्फ गिरे या बारिश हो, हम क्रिकेट खेल रहे हैं । यह काफी गर्व का पल है कि कनाडा में इंडोर स्टेडियम है ।’’

बाजवा ने कहा ,‘‘ भारत में जब आईपीएल शुरू हुआ तो फ्रेंचाइजी और निजी क्षेत्र आगे आया । आज आईपीएल और भारतीय क्रिकेट कितना बड़ा हो गया है । हमारे बोर्ड और कनाडा आ रहे सभी निवेशकों की भी यही योजना है क्योंकि बोर्ड अकेले सब नहीं कर सकता । हमें निजी क्षेत्र की जरूरत है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ क्रिकेट कनाडा अच्छा कर रहा है और निजी क्षेत्र के आने से पैसा भी बन रहा है । हमारे बोर्ड की योजना खिलाड़ियों को व्यस्त रखने की है । हमारे यहां प्रतिभा की कमी नहीं है । फर्क सिर्फ इतना है कि हमें क्रिकेट खेलने को नहीं मिल रहा था ।’’

भाषा मोना

मोना