रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल : जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड की नजरें दिग्गजों को हराने पर

Ads

रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल : जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड की नजरें दिग्गजों को हराने पर

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 02:28 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 02:28 PM IST

कोलकाता, 14 फरवरी (भाषा) पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचे जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड की नजरें रविवार से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में अपनी लय कायम रखते हुए बंगाल और कर्नाटक जैसे दिग्गजों को हराने पर लगी होंगी ।

जम्मू कश्मीर ने इंदौर में मध्यप्रदेश को 56 रन से हराकर पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई । रणजी ट्रॉफी में 1959 . 60 में पदार्पण करने के बाद से यह उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है ।

तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 110 रन देकर 12 विकेट चटकाते हुए जीत की नींव रखी । नबी अब तक टूर्नामेंट में 46 विकेट ले चुके हैं जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 22 विकेट लिये हैं ।

बल्लेबाजी में अब्दुल समद 543 रन बना चुके हैं जबकि अनुभवी कप्तान पारस डोगरा ने 484 रन का योगदान दिया है ।

अब उनके पास बंगाल की चुनौती है जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में मजबूत टीम है और कल्याणी में अपने मैदान पर खेलने का उसे फायदा भी मिलेगा ।

सुदीप कुमार घरामी के 299 रन की मदद से बंगाल ने क्वार्टर फाइनल में आंध्र को एक पारी और 90 रन से हराया । घरामी अभी तक 651 रन बना चुके हैं जबकि सुमंत गुप्ता ने 506 , अभिमन्यु ईश्वरन ने 373 और अनुस्तूप मजूमदार ने 367 रन बनाये हैं ।

बंगाल के लिये शाहबाज अहमद 39 विकेट ले चुके हैं जबकि मोहम्मद शमी ने 28 और आकाश दीप ने 19 विकेट लिये हैं ।

दूसरा सेमीफाइनल लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर खेला जायेगा जिसमें उत्तराखंड का सामना आठ बार की चैम्पियन कर्नाटक से होगा ।

उत्तराखंड ने जमशेदपुर में झारखंड को एक पारी और छह रन से हराया जबकि कर्नाटक ने रिकॉर्ड 42 बार की विजेता मुंबई को मात दी ।

उत्तराखंड के लिये स्पिनर मयंक मिश्रा ने आठ विकेट लिये और टूर्नामेंट में अब तक सर्वाधिक 52 विकेट ले चुके हैं । हरफनमौला जगदीश सुचित ने 25 विकेट लिये और 414 रन बनाये हैं । कप्तान कुणाल चंदेला 709 रन बना चुके हैं ।

दूसरी ओर कर्नाटक की नजरें नौवें खिताब पर है जिसने 2013 . 14 और 2014 . 15 में लगातार दो खिताब जीतने के बाद से ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है ।

बल्लेबाजी में मयंक अग्रवाल (492) , देवदत्त पडिक्कल (300), स्मरण रविचंद्रन (688) और करूण नायर (631) का अच्छा प्रदर्शन रहा है । केएल राहुल ने क्वार्टर फाइनल में 138 रन बनाये ।

गेंदबाजी में लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल 41 विकेट ले चुके हैं जबकि विदवत कावेरप्पा 37 और शिखर शेट्टी 33 विकेट ले चुके हैं ।

भाषा

मोना

मोना