कार्लसन और गुजराती की जीत से पाइपर्स ने जीसीएल में अमेरिकन गैम्बिट्स को हराया

Ads

कार्लसन और गुजराती की जीत से पाइपर्स ने जीसीएल में अमेरिकन गैम्बिट्स को हराया

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 11:03 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 11:03 PM IST

बेंगलुरु, 11 सितंबर (भाषा) विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने 2026 कैंडिडेट टूर्नामेंट के विजेता जावोखिर सिंदारोव की लगातार तीन जीत का सिलसिला शुक्रवार को रोक दिया जबकि विदित गुजराती ने डेनियल डुबोव को हराकर गत चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स को ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के नौवें दौर में अमेरिकन गैम्बिट्स पर 9-7 से जीत दिलाई।

नौवें दौर से पहले पाइपर्स और अमेरिकन गैम्बिट्स के मैच और गेम अंक बराबर थे। ऐसे में फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में आगे बढ़ने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम था।

कार्लसन ने ‘आइकन बोर्ड’ पर सिंदारोव के खिलाफ शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और 36 चालों के बाद उज्बेक खिलाड़ी को हार मानने पर मजबूर कर दिया। इस प्रदर्शन के लिए कार्लसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

‘सुपरस्टार पुरुष बोर्ड’ पर विदित और डुबोव के बीच मुकाबला लंबा चला लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर ने धैर्य बनाए रखा और 96 चालों में जीत दर्ज की।

विदित की जीत के साथ पाइपर्स ने अमेरिकन गैम्बिट्स पर इस सत्र में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख का जीसीएल में पदार्पण अभियान संघर्षपूर्ण बना हुआ है। शुक्रवार को वह बिबिसारा असौबायेवा के खिलाफ 34वीं चाल पर समय गंवा बैठीं। यह पाइपर्स की एकमात्र हार रही।

निचली पायदान की दो टीमों के बीच मुकाबले में दो बार की चैंपियन ट्रिवेनी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने पीबीजी अलास्कन नाइट्स को आसानी से मात दी।

भाषा

आनन्द

आनन्द