दुबई, 11 सितंबर (भाषा) कप्तान फातिमा सना की नाबाद 47 रन की पारी के दम पर पाकिस्तान ने महिला एशिया कप टी20 के दूसरे सेमीफाइनल में शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ यहां पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पांच विकेट पर 130 रन बनाए।
फातिमा ने 36 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने गुल फिरोजा (21) के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंद में 40 रन और तुबा हसन (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए 24 गेंद में 32 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।
सलामी बल्लेबाज शवाल जुल्फिकार ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंद में 24 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन कप्तान चामरी अटापट्टू की गेंद पर विकेटकीपर कौशिनी नुथ्यांगा ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।
मुनीबा अली (दो), आयशा जफर (सात) और सदफ शम्स (आठ) बल्ले से कोई खास योगदान नहीं दे सकीं। हालांकि, शवाल ने शुरुआती ओवरों में और फातिमा ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर इसकी भरपाई की।
पाकिस्तान की टीम 16 ओवर के बाद पांच विकेट पर 92 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन फातिमा ने गर्मी और उमस के कारण बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन जुटाए। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें कई बार फिजियो की मदद भी लेनी पड़ी।
पाकिस्तान ने आखिरी पांच ओवर में 47 रन जोड़े।
श्रीलंका की ओर से चामरी अटापट्टू और चामुंडी प्रबोधा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सुगंधिका कुमारी को एक सफलता मिली।
इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम रविवार को होने वाले फाइनल में भारत से भिड़ेगी।
भाषा आनन्द
आनन्द