मिलान, तीन फरवरी (एपी) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री ने मंगलवार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ओलंपिक खेलों और स्पर्धाओं के कार्यक्रम में होने वाले बदलाव कुछ लोगों के लिए असहज हो सकते हैं।
आईओसी के 130 साल के इतिहास में पहली महिला अध्यक्ष के रूप में अपने शुरुआती ओलंपिक (शीतकालीन) खेलों से पहले दिए गए मुख्य भाषण में कोवेंट्री ने अपने कार्यकाल की दिशा को स्पष्ट किया।
कोवेंट्री ने पिछले साल जून में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन ओलंपिक खेलों में शामिल 40 से अधिक खेल में 450 से ज्यादा पदक स्पर्धाओं की समीक्षा की प्रक्रिया शुरू की थी।
उन्होंने मिलान-कोर्टिना शीतकालीन ओलंपिक के शुक्रवार को होने वाले उद्घाटन से पहले आईओसी की वार्षिक बैठक में कहा, “हमें ईमानदारी से यह स्वीकार करना होगा कि क्या काम करता है और कई बार इससे भी ज्यादा जरूरी यह समझना होगा कि क्या काम नहीं करता।”
उन्होंने कहा, “इसका मतलब है कि हमें अपने खेलों, स्पर्धाओं और आयोजनों को नयी नजर से देखना होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम समय के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
कोवेंट्री ने कहा, “हमें कठिन फैसलों और चर्चाओं का सामना करना पड़ेगा और यह बदलाव का हिस्सा है। मैं जानती हूं कि ये चर्चाएं असहज हो सकती हैं और शायद होंगी भी। आने वाली पीढ़ियों के लिए ओलंपिक खेलों को मजबूत बनाए रखना है तो ये बेहद जरूरी हैं।’’
ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों में पिछले एक दशक के दौरान युवाओं को आकर्षित करने के लिए स्केटबोर्डिंग और तीन गुणा तीन बास्केटबॉल जैसे शहरी खेल जोड़े गए हैं, जबकि ब्रेकडांस ने 18 महीने पहले पेरिस ओलंपिक में पहली बार जगह बनाई।
दो बार की ओलंपिक चैंपियन तैराक कोवेंट्री ने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि ओलंपिक खेल दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बने रहें।”
उनके बयान में परंपरा और नवाचार के बीच संतुलन का जिक्र था जिससे आधुनिक पेंटाथलॉन जैसे सौ साल पुराने ओलंपिक खेलों का भविष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के बाद अनिश्चित हो सकता है।
उन्होंने कहा, “हां, पेरिस ओलंपिक एक बड़ी सफलता थी, लेकिन वह अब अतीत की बात हो चुकी है। अपनी उपलब्धियों पर संतुष्ट होकर बैठ जाना खतरनाक होगा।”
कोवेंट्री द्वारा शुरू किए गए “फिट फॉर द फ्यूचर” पहल के तहत ओलंपिक कार्यक्रम की समीक्षा के नतीजे इस साल के अंत में घोषित किए जाने की उम्मीद है।
एपी आनन्द आनन्द पंत
पंत