लंदन, 20 जून (एपी) इंग्लैंड ने शनिवार को ओवल टेस्ट के चौथे दिन न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 463 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चाय तक तीन विकेट गंवाकर 54 रन बना लिए।
न्यूजीलैंड की टीम दूसरी पारी में 362 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने लंच के बाद 6.1 ओवर में उसके आखिरी चार विकेट झटके।
इससे इंग्लैंड को टेस्ट जीतने और एक मैच बाकी रहते हुए सीरीज अपने नाम करने के लिए 463 रन का लक्ष्य मिला। यह लक्ष्य 2003 में सेंट जॉन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज द्वारा बनाए गए 418 रन के विश्व रिकॉर्ड और 2022 में बर्मिंघम में भारत के खिलाफ इंग्लैंड के 378 रन के सर्वश्रेष्ठ लक्ष्य का पीछा करने के रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा बड़ा है।
इंग्लैंड के लिए दूसरा विकल्प है मैच ड्रॉ कराना। लेकिन उसके लिए चार से ज्यादा सत्र तक बल्लेबाजी करनी होगी।
हालांकि दोनों में से कोई भी स्थिति मुमकिन नहीं लग रही थी क्योंकि बादल छाए रहने के कारण न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने तुरंत बढ़त बना ली।
काइल जैमीसन ने चौथे ओवर में एमिलियो गे और जैकब बेथेल को आउट किया। बेथेल चार गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए।
बेन डकेट जैमीसन की एक गेंद पर अंपायर के फैसले (अंपायर्स कॉल) की वजह से बच गए। लेकिन वह सिर्फ चार रन और जोड़ पाए और चाय से ठीक 15 मिनट पहले नौ रन पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए।
ब्रेक के समय कप्तान जो रूट 24 रन और उप-कप्तान हैरी ब्रूक नौ रन पर खेल रहे थे।
रूट खाता खोलने से पहले ही लगभग आउट हो गए थे जब जैमीसन की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप के पास गिरी। अपने दूसरे रन के साथ उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 14,000 रन पूरे किए। वह सचिन तेंदुलकर के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी बने।
एपी नमिता सुधीर
सुधीर